योगी के जनता दरबार में जहर खाकर पहुंचा रिटायर्ड फौजी बोला "भाजपा विधायक से परेशान हूँ"
मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में गुरुवार को जहर खाकर पहुंचे एक सेवानिवृत्त फौजी ने सनसनी फैला दी। 65 वर्षीय सतबीर गुर्जर वहां पहुंचते ही कहा कि वह जहर खाकर आया है। यह सुनते ही अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी हालत पहले से बेहतर है। पुलिस की पूछ-ताछ में उसने बताया कि वह गाजियाबाद के विधायक नंदकिशोर गुर्जर से परेशान है। वह गाजियाबाद के लोनी के सिरौली का निवासी है। नंद किशोर गुर्जर की शिकायत लेकर वह मुख्यमंत्री से मिलने के लिए पहुंचा था।
उसके पास से एक शिकायती पत्र भी मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि वह करगिल योद्धा और सेवानिवृत्त फौजी है। मुख्यमंत्री योगी उसके इष्ट देव (भगवान रूप) हैं। वह बताना चाहता है कि लोनी से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए उसने मुख्यमंत्री योगी से सुरक्षा की गुहार लगाई है। उसने बताया कि विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने अप्रैल माह में एक षड्यंत्रकारी कलश यात्रा निकाली थी। इसका उद्देश्य भाजपा सरकार को गिराना था। उस षड्यंत्र की जानकारी उसे हो गई थी, तो उसने इसकी साजिश का इंटरनेट मीडिया (फेसबुक, एक्स समेत अन्य प्लेटफार्म) पर राजफाश किया था।
इसके बाद से नंद किशोर गुर्जर उस पर एक ऐसा अत्याचार कर रहा है, जैसे अतीक अहमद और मुख्तार अहमद अपने विरोधियों के खिलाफ करते हैं। यही नहीं, लोनी विधानसभा क्षेत्र में 'नंदू टैक्स' के रूप में करोड़ों रुपये प्रतिदिन कमाए जा रहे हैं। इस पैसे का कुछ भाग शीर्ष पर बैठे इसके अधिवक्ताओं को भी जाता है। ऐसे में उसकी मांग है कि उसकी रक्षा की जाए। वह बहुत बड़े खतरे में है। एसीपी विकास जायसवाल ने बताया कि सतबीर गुर्जर से बातचीत के बाद संबंधित थाने की पुलिस को बुलाया गया है। जो आरोप उसने लगाए हैं, उन्हें संबंधित जिले के एसपी को अवगत कराया गया है। साथ ही पता लगाया जा रहा है कि किसी के कहने पर तो उसने ऐसा नहीं किया है। अगर ऐसा है तो दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बता दें कि एक दिन पहले बुधवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के दरबार में एक व्यक्ति ने उन पर हमला करके सनसनी फैला दी थी। गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में यह कांड हो गया।