वाह रे यूपी-शाम-सुबह और दिन-दहाड़े में हत्या!
सर्राफा समाज सबसे असुरक्षित
आगरा आजमगढ़ में भी हत्याएं
मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ। आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के कारगिल चौराहे पर बालाजी ज्वेलर्स की दुकान में बदमाशों ने धावा बोल कर सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। इस दौरान सर्राफ भी बदमाशों से भिड़ गए। बदमाशों ने तमंचे से सर्राफ को गोली मार दी। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सराफ को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिकंदरा थाना क्षेत्र के रामा एंक्लेव निवासी योगेश चौधरी की कारगिल चौराहे के पास बालाजी ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। सुबह 10.00 बजे उनके कर्मचारी रेनू ने दुकान खोली थी। इसके 15 मिनट बाद ही दो नकाबपोश बदमाश मौके पर आ गए। कर्मचारी रेनू को तमंचा दिखाकर बैग में सोने चांदी के जेवरात रखकर भागने लगे। इस दौरान दुकान मालिक योगेश चौधरी आ गए। उन्होंने बदमाशों को टोक दिया। इस पर एक बदमाश ने तमंचा निकालकर गोली मार दी। इसके बाद एक्टिवा पर सवार होकर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।"
इससे पहले आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव में शुक्रवार की सुबह एक किशोर का शव ईंट-भट्ठे के समीप मिला। जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान फहद (17) के रूप में हुई, जो बृहस्पतिवार की देर शाम गांव में आयोजित बहूभोज में शामिल होने के लिए घर से निकला था। परिजनों का आरोप है कि किशोर की चाकू मारकर हत्या की गई है। ब्राउन टी-शर्ट से उसके हाथ बंधे थे। गले, पेट और हाथ पर चाकू के निशान बने थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। जानकारी मुताबिक कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी फहद बृहस्पतिवार की रात बहुभोज कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकला था। रात में वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
शुक्रवार सुबह 10 बजे परिजनों ने कप्तानगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। कुछ ही घंटे बाद दोपहर 12 बजे ग्रामीणों ने फहद का शव भट्ठे के पास देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसपी सिटी शैलेंद्र लाल, फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि फहद की चाकू मारकर हत्या की गई है। उसका हाथ बंधा था। शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी हैं। इस संबंध में एसपी सिटी आजमगढ़ शैलेन्द्रलाल ने बताया कि किशोर के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। चार टीमें गठित की गई हैं, जो हत्या के कारणों और दोषियों का पता लगाएंगी। उन्होंने कहा कि मुकदमा दर्ज कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।"
तीसरी घटना चंदौली की है।जहां धानापुर बस स्टैंड के पास गुरुवार को सायं बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े गोली मारकर गैंगस्टर राजकुमार यादव उर्फ मुटुन यादव की हत्या कर दी। हमलावरों ने तो पहले मुटुन यादव को लक्ष्य करते हुए गोलियों दागी, फिर फायरिंग करते हुए भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सात से आठ राउंड फायरिंग की गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से क्षेत्र में खलबली मच गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने परिजनों के साथ धानापुर-चहनियां मुख्य मार्ग पर स्कॉर्पियो में शव रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया और लोगों को काफी परेशानी हुई।
मृतक मुटुन यादव बस संचालन का काम करता था, जिसको देखने धानापुर बस स्टैंड पर पहुंचा ही था कि हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दिया। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुए इस घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत है। इस संदर्भ में पुलिस अधीक्षक पुलिस आदित्य लांग्हे
ने बताया कि जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश के लिए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हत्या सहित मारपीट व अन्य मामलों में मृतक का नाम आया था। जेल भी जा चुका है। उस पर गैंगस्टर भी लगा है। उसका एक बेटा भी हिस्ट्रीशीटर है। प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। पुलिस की टीमें गठित कर दी गई है। शीघ्र ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।