मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीडितो को दी सांत्वना,कहा शासन और सरकार आपके साथ!

 बस्ती


 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अप्रत्याशित बाढ़ के संकट में प्रदेश सरकार तथा प्रशासन आपके साथ है। हेंगापुर सर्वोदय विद्यालय, दुबौलिया में आयोजित राहत वितरण शिविर को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 3 दिन के भीतर सभी पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित कराएं, नाव एवं मोटर बोट उपलब्ध कराएं। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों के जानवरों के लिए भूसा चारा की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग तथा पशुपालन विभाग को निर्देशित किया है कि लोगों के स्वास्थ्य एवं जानवरों के इलाज के लिए पूरी व्यवस्था करें।

            मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्ती जनपद की 70 गांव की लगभग एक लाख की आबादी बाढ़ से प्रभावित है। यह अप्रत्याशित है और पहाड़ों पर हुई वर्षा का पानी आ जाने से यह विषम स्थिति उत्पन्न हुई है। इसके पूर्व अक्टूबर माह में इस तरह की बाढ़ न कभी देखी गई और न सुनी गई। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि सभी जनप्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन रात दिन एक कर के लोगों को सभी संभव सहायता उपलब्ध कराएंगे।

       उन्होंने कहा कि राहत सामग्री के रूप में 10 किलो चावल, 10 किलो आटा, 10 किलो आलू, 2 किलो अरहर की दाल, रिफाइंड तेल, 5 लीटर केरोसिन आयल के अतिरिक्त भुना चना प्लास्टिक की पन्नी वितरित की जा रही है। इसके अलावा टॉर्च, 1-1 धोती एवं साड़ी, बनियान भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

        उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि तत्काल फसल हानि तथा प्रभावित घरों का सर्वे करा लें तथा अनुमन्य सहायता राशि उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि प्रभावित घरों के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिया जाएगा। इसके अलावा बाढ़ से किसी की मृत्यु होने पर उसे ₹4 लाख की अहेतुक सहायता दी जाएगी। बाढ़ से अंग-भंग हुए व्यक्ति को रुपया 75 हजार से लेकर ढाई लाख तक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पशु हानि होने पर भी- भैंस, गाय, बकरी, भेड़, खच्चर, घोड़ा एवं मुर्गी के लिए सहायता दी जाएगी।

          बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित करने के पश्चात मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों का हालचाल पूछा तथा कहा कि किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन को अवगत कराएं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मैं आप सभी को आश्वस्त करता हूं कि अप्रत्याशित बाढ़ के इस संकट में भारत सरकार तथा राज्य सरकार पूरी तरह आपके साथ हैं। सभी जनप्रतिनिधि सांसद, विधायक निरंतर क्षेत्र का भ्रमण करके लोगों को सहायता वितरित कराएंगे। किसी भी प्रभावित परिवार को किसी के आगे हाथ फैलाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

       राहत वितरण शिविर में प्रभावित परिवारों को राहत वितरण के पूर्व मुख्यमंत्री ने हवाई सर्वेक्षण करके बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। राहत वितरण कैंप को सांसद हरीश द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, एमएलए अजय सिंह, एमएलसी सुभाष यदुवंश ने भी संबोधित किया तथा सक्षम लोगों से अपील किया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री, पका- पकाया भोजन, वस्त्र, मच्छरदानी आदि उपलब्ध कराएं। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने बाढ़ राहत के लिए रुपया 51 हजार की सहायता जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का घोषणा किया।

       हेंगापुर सर्वोदय विद्यालय पहुंचने पर जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव, सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति तथा जनप्रतिनिधियों ने माननीय मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर सीआरओ नीता यादव, डीएफओ नवीन कुमार शाक्य, एडीएम कमलेश चंद्र, एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी, पीडी कमलेश सोनी, डीडीओ अजीत श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष महेश शुक्ला, ब्लाक प्रमुख यशकांत सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, अभिषेक कुमार, दयाशंकर मिश्र, रघुनाथ सिंह, तथा विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

        

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form