कामदेव के निशाने पर भाजपाई-
भाजपा जिलाध्यक्ष का आपत्तिजनक वीडियो वायरल, जिलाध्यक्ष बोले-महिला को चक्कर आने पर मदद की
मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ।
डांसर के साथ अश्लीलता करते हुये बलिया के बुजुर्ग भाजपा नेता बब्बन सिंह रघुवंशी वीडियो वायरल हुआ तो वह अपने खिलाफ साजिश बता कर एफआईआर करने की बात किये। उसके बाद मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के भाजपा नेता मनोहर लाल धाकड़ का वीडियो वायरल हुआ। जिसमें वह हाइवे पर महिला के साथ आपत्तिजनक कृत्य करते बताये जा रहे हैं। अब ताजा मामला गोंडा भाजपा जिलाध्यक्ष का वीडियो वायरल हुआ है। जिसको लेकर जिलाध्यक्ष कर रहे हैं कि वह बीमार महिला को सहारा दे रहे थे। अपत्तिजनक वीडियो भाजपा कार्यालय का बताया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरे से रिकार्ड किए गए वीडियो में एक व्यक्ति कुर्ता पैजामा व गले में भगवा गमछा डाले भाजपा जिला कार्यालय की सीढ़ियों पर एक महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में नजर आ रहा है। कैमरे के रिकार्डिंग के अनुसार वीडियो 12 अप्रैल 2025 को शाम नौ बजकर 39 मिनट पर रिकॉर्ड किया गया है। वायरल वीडियो के संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर बमबम ने स्वीकार किया कि वीडियो में वह एक महिला कार्यकर्ता के साथ हैं। महिला कार्यकर्ता को चक्कर आ गया था, उन्होंने सिर्फ उसकी मदद की।
मामला बड़े रसूखसदार से संबधित होने के कारण कोई कुछ खुलकर बोलने को तैयार नहीं है, लेकिन दबी जुबान से कई तरह की बातें की जा रही है। पार्टी के पदाधिकारी भी इस हरकत की निंदा कर रहे हैं, और इससे पार्टी की छवि धूमिल होने की बात कही जा रही है। जिले में वायरल आपत्तिजनक मामले में संबंधित पार्टी के एक बड़े नेता ने प्रदेश अध्यक्ष से शिकायत करते हुए जिलाध्यक्ष पर कार्रवाई की मांग की है।सूत्रों की माने तो सोशल साइट्स पर वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी की हो रही छीछालेदर से नाराज उत्तर प्रदेश भाजपा के महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने गोंडा भाजपा जिलाध्यक्ष के प्रति भृकुटि टेढ़ी कर लिया है। प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने जिलाध्यक्ष गोंडा की कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। जिसमें जिलाध्यक्ष से सात दिनों के अंदर जवाब मांगा गया है। साथ ही यह भी बता दिया गया है कि यदि संतोषजनक उत्तर न मिला तो पार्टी कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही करेगी।जानकारों की माने तो यह निष्काशन के पूर्व की प्रकिया है।