विवाहिता की रहस्यमय मौत , पांच नामजद

 




जौनपुर।  
सुजानगंज  थाना क्षेत्र के शेषनगर रमनगरा में शनिवार की देर रात विवाहिता की रहस्यमय स्थिति में मौत हो गई। ससुराल वाले मौत का कारण बीमारी बता रहे हैं। मायके पक्ष ने तहरीर देकर ससुरालीजन पर दहेज हत्या का आरोप मढ़ा है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण साफ हो सकेगा। आगे उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। रामू पटेल की 27 वर्षीया पत्नी सुमन को देर रात परिजन उपचार के लिए प्राइवेट वाहन से प्रयागराज ले जा रहे थे। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। ससुरालवाले शव लेकर घर चले आए और पुलिस व मायके वालों को सूचना दी। मृत सुमन पंवारा थाना क्षेत्र के गौहानी गांव के दूधनाथ पटेल की पुत्री थी। 
उसकी शादी वर्ष 2019 में हुई थी। उसकी डेढ़ वर्ष की बेटी है। ससुराल वालों  का कहना है कि सुमन की तबीयत कुछ दिनों से खराब चल रही थी। उपचार कराया जा रहा था।   हालत और बिगड़ जाने पर डाक्टर की सलाह पर बेहतर उपचार के लिए प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मायके पक्ष ने थाने में तहरीर देकर दहेज हत्या का आरोप लगाया। आरोपित   पति, सास, श्वसुर, जेठ व जेठानी को नामजद किया। थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव ने कहा कि तहसीलदार सुदर्शन कुमार की उपस्थिति में पंचनामा के बाद शव को अंत्य परीक्षण के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अग्रिम कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form